Homeदेशपीएम जनमन आवास योजना से बदली मोटू राम की जिंदगी, कच्चे और...

पीएम जनमन आवास योजना से बदली मोटू राम की जिंदगी, कच्चे और टपकते घर की परेशानी से मिली स्थायी राहत, पक्के आशियाने का सपना हुआ पूरा….

रायपुर:  केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमादरहा के निवासी मोटू राम पहाड़ी कोरवा इसका जीवंत उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना की बदौलत उनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना अब साकार हो रहा है।

मोटू राम अपने परिवार के साथ लंबे समय से एक कच्चे मकान में रह रहे थे। खेती-किसानी और छोटी किराना दुकान से परिवार का भरण-पोषण करने वाले मोटू राम के लिए सीमित आय में पक्का घर बनाना संभव नहीं था। बारिश के मौसम में उनके घर की छत टपकती थी, जिससे पूरे परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। हर वर्ष मकान की मरम्मत और लिपाई-पुताई में अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ता था।

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई। योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ, जिसके निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जल्द ही उनका परिवार नए और सुरक्षित घर में रहने लगेगा। मोटू राम बताते हैं कि निर्माण का केवल थोड़ा-सा काम शेष है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

नए आवास को लेकर मोटू राम और उनका परिवार बेहद उत्साहित है। उनका कहना है कि अब उन्हें बारिश के दिनों में घर टपकने की चिंता नहीं रहेगी और परिवार सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण में जीवन यापन कर सकेगा।

मोटू राम की कहानी इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाएं जरूरतमंद एवं विशेष रूप से जनजातीय परिवारों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रही हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना न केवल लोगों को पक्का आवास उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें सुरक्षित जीवन, सम्मान और बेहतर भविष्य की नई राह भी दे रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments