Homeराज्यउत्तराखंडकल देहरादून दौरे पर राहुल गांधी, भर्ती परीक्षाओं में नकल के मुद्दे...

कल देहरादून दौरे पर राहुल गांधी, भर्ती परीक्षाओं में नकल के मुद्दे पर युवाओं की सुनेंगे बात

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से जून में राजस्थान के कोटा से प्रारंभ किए गए छात्रों की गूंज अभियान की अनुगूंज अब 17 जुलाई को देहरादून में भी सुनाई देगी।

देहरादून के सनातन धर्म इंटर कालेज बन्नू रेसकोर्स के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी लगभग दो घंटे तक छात्रों-युवाओं से संवाद करेंगे। इससे पहले वह देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन बैठक भी करेंगे।

कार्यक्रम को दिया अंतिम रूप

प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के कार्यक्रम की रूपरेखा को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी 17 जुलाई को दिल्ली से चार्टर्ड विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

इसके बाद वह सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचेंगे। दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से एक होटल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी व सहप्रभारियों, नेता प्रतिपक्ष समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत तैयारियों को लेकर विमर्श करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगभग दो घंटे तक कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करने के बाद शाम छह बजे सनातन धर्म इंटर कालेज बन्नू रेसकोर्स पहुंचेंगे, जहां वह छात्रों की गूंज कार्यक्रम में छात्रों-युवाओं के साथ प्रतियोगी व भर्ती परीक्षाओं में नकल, बेरोजगारी समेत तमाम मुद्दों पर संवाद करेंगे। वह मंच अकेले ही साझा करेंगे।

10 हजार से अधिक छात्रों-युवाओं के भाग लेने की संभावना

कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक छात्रों-युवाओं के भाग लेने की संभावना है। यह संख्या बढ़ भी सकती है। इसे देखते हुए मंच से बाहर की ओर टीवी स्क्रीन भी लगाई जाएगी। युवाओं को साधने के क्रम में दो चर्चित रैपर विवेक अरोड़ा (करमा) व सौरभ सिंह रावत (डकैत) की प्रस्तुतियां भी मंच पर होंगी।

युवाओं से संवाद के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। उधर, संपर्क करने पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments