Homeदेशराजनांदगांव में राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता का समापन- डॉ. रमन सिंह...

राजनांदगांव में राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता का समापन- डॉ. रमन सिंह और अरुण साव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह….

रायपुर: दिग्विजय स्टेडियम, राजनांदगांव में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर शतरंज प्रतियोगिता का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए, विशेष अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और सांसद श्री संतोष पाण्डेय उपस्थित रहे। एलिगेंट कॉमर्स एवं आईटी कॉलेज तथा एनआरसीए के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 125 से अधिक बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। समारोह के दौरान अतिथियों ने स्वयं बच्चों के साथ शतरंज की बाजियां खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया।

छोटे पौधे ही बनते हैं विशाल बरगद

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जैसे वृक्षारोपण के समय एक छोटा पौधा बाद में विशाल बरगद बनता है, वैसे ही आज के ये बाल-खिलाड़ी भविष्य में ग्रैंडमास्टर और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बनेंगे। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से निराश होने के बजाय सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

जो खेलेगा, वही खिलेगा

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ का जिक्र करते हुए कहा कि खेल का मैदान केवल खिलाड़ी ही नहीं बनाता, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ दृष्टिकोण भी विकसित करता है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी की सराहना की।

एक ही परिसर में बहुआयामी खेल सुविधाएं

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि दिग्विजय स्टेडियम में बास्केटबॉल, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल और शतरंज जैसी गतिविधियों का एक साथ संचालन युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतर वातावरण प्रदान कर रहा है।

विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता के विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, दिग्विजय स्टेडियम के सचिव श्री रमेश पटेल, सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments