HomeदेशCG Crime News: ज्वेलरी शॉप की दीवार में छेद कर 14.51 लाख...

CG Crime News: ज्वेलरी शॉप की दीवार में छेद कर 14.51 लाख के गहने चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार; एक की तलाश जारी…..

रायपुर। राजधानी रायपुर के ज्वेलर्स दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 14.51 लाख रुपये के आभूषण और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

दीवार में छेद कर की थी चोरी

यह मामले गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर कर्मा चौक के पास स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की है। दुकान संचालक सुनील जैन 29 सितंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो दाहिनी तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई मिली। फर्नीचर बिखरा था और दीवार में बड़ा छेद था। डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी गायब थे।

मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरु की जांच

शिकायत पर गुढ़ियारी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई।

तीन लोगों ने मिलकर की चोरी

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

पैसों की परेशानी ने बनाया चोर

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री खोली थी। फैक्ट्री नहीं चलने के कारण उसे आर्थिक नुकसान हुआ और उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया। पैसों की परेशानी के चलते उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ चोरी की योजना बनाई।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

आरोपियों ने पहले ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की। 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया, लेकिन उस रात चोरी नहीं की। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचे और पहले से किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

14.51 लाख का माल जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, करीब 3.5 किलो चांदी के आभूषण जिसकी कीमत 7.91 लाख रुपये है, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल ज्वेलरी, साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार और बिना नंबर की एक्टिवा बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 14.51 लाख रुपये बताई गई है।

दो गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments