Homeराज्यउत्तराखंडसेलाकुई मेडिकल यूनिवर्सिटी में 20.55 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

सेलाकुई मेडिकल यूनिवर्सिटी में 20.55 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेलाकुई स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय परिसर में 20.55 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 20.21 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का शिलान्यास और 34 लाख रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित प्रशासनिक भवन, एम्फीथिएटर और नक्षत्र वाटिका की आधारशिला रखी, जबकि विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार और दंत चिकित्सालय का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय युवाओं को चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि परिसर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद इस दिशा में आगे कार्य किया जाएगा। धामी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में पांच राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि दो निर्माणाधीन हैं। इसके अतिरिक्त नौ नर्सिंग कॉलेज और तीन नर्सिंग स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर के मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान और ऊधमसिंह नगर के किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स सैटेलाइट सेंटर का निर्माण भी जारी है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस जैसी सेवाओं पर भी जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान और वर्ष 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है।

समारोह में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, कुलपति प्रो. भानु दुग्गल सहित अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments