Homeराज्यउत्तराखंडUttarakhand News- केशव नेगी गिरफ्तारी मामला: CM धामी ने दिल्ली CM रेखा...

Uttarakhand News- केशव नेगी गिरफ्तारी मामला: CM धामी ने दिल्ली CM रेखा गुप्ता से की बात, निष्पक्ष जांच और परिवार को हरसंभव मदद का दिया भरोसा…..

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के केशव नेगी जी की गिरफ्तारी के संबंध में आज दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से वार्ता की. रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी.

मुख्यमंत्री ने पूर्ण विश्वास जताया है कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां निष्पक्ष जांच के माध्यम से सत्य को सामने लाएंगी. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी बात कर उन्हें हर संभव सहायता हेतु आश्वस्त किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार देश भर में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखण्डी भाई-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है.

नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने उठाए थे सवाल

नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने सवाल उठाते हुए कहा था कि दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में उत्तराखंड के युवा शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी कई गंभीर सवाल खड़े करती है. केशव नेगी दिल्ली में अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए नौकरी कर रहे थे. उनका काम रसोई में खाना बनाना था, न कि यह जांचना कि बिल्डिंग वैध है या अवैध, फायर NOC है या नहीं, भवन सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, या रिहायशी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां किस अनुमति से संचालित हो रही हैं. यदि भवन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई, अवैध निर्माण हुआ, फायर नियमों का उल्लंघन हुआ और प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही बरती गई, तो इसकी जवाबदेही उन लोगों की तय होनी चाहिए जो इसके लिए वास्तविक रूप से जिम्मेदार हैं.

यशपाल आर्य ने ये भी कहा था कि एक कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर पूरे मामले की जिम्मेदारी उस पर डाल देना न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता. उत्तराखंड सरकार, प्रदेश के सांसदों और जनप्रतिनिधियों को इस मामले का संज्ञान लेते हुए केशव नेगी को उचित कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पहल करनी चाहिए. न्याय का सिद्धांत यही कहता है कि जिम्मेदारी उसी की तय हो जो वास्तव में जिम्मेदार हो.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments