Homeराज्यउत्तराखंडतमकनाला आपदा पर सीएम धामी की सीधी नजर, कनेक्टिविटी बहाली को प्रशासन...

तमकनाला आपदा पर सीएम धामी की सीधी नजर, कनेक्टिविटी बहाली को प्रशासन ने तेज की कवायद

चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सड़क संपर्क जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तमकनाला से प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों और अन्य उपलब्ध माध्यमों से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाई जाए।

 

कनेक्टिविटी बहाली के सभी विकल्पों पर काम

 

सीएम धामी ने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही जल्द बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम शुरू करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था के कार्यों में किसी तरह की देरी न हो।

 

निचले इलाकों में बढ़ाई निगरानी

 

बदलते मौसम और बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नदी-नालों और निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।

 

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा सके।

 

तेज जलप्रवाह में बह गया था बेली ब्रिज

 

सोमवार को तमकनाला में अचानक जलप्रवाह बढ़ने से 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से बनाया गया बेली ब्रिज तेज बहाव में बह गया था। इस दौरान एक व्यक्ति और कैंपर वाहन के भी बहने की सूचना सामने आई थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।

राहत के साथ वैकल्पिक संपर्क बहाल करने पर जोर

तमकनाला की घटना के बाद सरकार का फोकस प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति और वैकल्पिक कनेक्टिविटी बहाल करने पर है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments